लोकसभा के लिए मतदान सम्पन्न होने के बाद अब प्रशासन मतगणना की तैयारी में जुट गया है। गुरुवार को प्रार्थना सभा भवन में मतगणना का रिहर्सल किया गया। राज्य शासन के निर्देश पर यह रिहर्सल आयोजित किया गया, जिले में सभी छह विधानसभा सीटो के लिए चौदह-चौदह सीटों पर होने वाले मतगणना के लिए 84 कर्मचारी होंगे। रायपुर से राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर मतगणना रिहर्सल में मौजूद रहें। प्रशिक्षण के पहले दूसरे स्थान से ईवीएम में वोट डालकर सील किया जाएगा और प्रशिक्षण यानी रिहर्सल के दौरान ठीक वैसा किया जाएगा जैसे 4 जून को कोनी मतगणना स्थल में किया जाएगा। 4 जून को होने वाली मतगणना के लिए सबसे बड़ी कवायद डेटा की है। कैसे रियल टाइम में सभी को जानकारी दी जाए इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। गुरूवार को मतगणना के परिणामों की रिहर्सल की गई।



खास बात यह है कि इसमें बिल्कुल रियलिटी दिखाई दी। कैसे किस विधानसभा के केन्द्रवार और चक्रवार परिणामों की घोषणा होगी, उस पर मंथन करते हुए अनाउंसमेंट किए गए। बिलासपुर संसदीय सीट पर किस्मत आजमाने वाले सभी अभ्यर्थियों को इस चक्र में इतने मत मिले, कुल इतने मत नोटा को गए और निर्दलीय प्रत्याशी को इतने मत मिले। 4 जून को कोनी स्थित शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर स्थित मतगणना स्थल पर एनकोर काउण्टिंग एप्लीकेशन के परफार्मेंस टेस्ट के लिए रिहर्सल ज़ल संसाधन विभाग के प्रार्थना सभा भवन में आयोजित हुआ। रिहर्सल में एनकोर काउण्टिंग एप्लीकेशन पर मतगणना के मतदान डेटा दर्ज करने के लिए कर्मचारी, अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया।




