Homeहमर बिलासपुरगर्मी की छुट्टियों में भी चलेगी पढ़ाई, कक्षा 5वीं और 8वीं के...

गर्मी की छुट्टियों में भी चलेगी पढ़ाई, कक्षा 5वीं और 8वीं के कमजोर छात्रों के लिए विशेष कक्षाएं

इस वर्ष गर्मी की छुट्टियों के दौरान भी शिक्षा विभाग ने छात्रों के शैक्षणिक हितों को ध्यान में रखते हुए विशेष योजना बनाई है। लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा गया है कि कक्षा 5वीं और 8वीं के ऐसे विद्यार्थियों, जिनका ग्रेड वार्षिक परीक्षा में कमजोर रहा है, उनके लिए मई माह में विशेष कक्षाएं आयोजित की जाएंगी। जारी निर्देशों के अनुसार 1 मई से गर्मी की छुट्टियों की शुरुआत के साथ ही इन विशेष कक्षाओं का संचालन शुरू किया जाएगा। यह निर्णय विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर को सुधारने के उद्देश्य से लिया गया है, ताकि वे अपनी कमजोरियों को दूर कर सकें और आगामी समय में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। लोक शिक्षण संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि कक्षा 5वीं और 8वीं बोर्ड परीक्षाओं का मूल्यांकन कार्य 15 अप्रैल तक पूर्ण कर लिया जाएगा और परीक्षा परिणाम 30 अप्रैल तक घोषित किए जाएंगे। इसके आधार पर ही कमजोर ग्रेड प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें विशेष कक्षाओं में सम्मिलित किया जाएगा।विशेष कक्षाओं के बाद, ऐसे विद्यार्थियों के लिए जो न्यूनतम शैक्षणिक स्तर तक नहीं पहुँच सके हैं। एक जून से पूरक परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। यह परीक्षा एक और अवसर प्रदान करेगी, जिससे छात्र अपनी योग्यता सिद्ध कर सकें। इस विषय में जिला शिक्षा अधिकारी अनिल तिवारी ने जानकारी दी कि इस बार विद्यार्थियों को पारंपरिक रूप से ‘पास’ या ‘फेल’ घोषित नहीं किया जाएगा। इसके बजाय उन्हें उनके प्राप्त ग्रेड के आधार पर उन्नयन किया जाएगा। यह प्रणाली छात्रों के आत्मविश्वास को बनाए रखने और उन्हें पुनः प्रयास करने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से अपनाई गई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments