
बिलासपुर। खैरा डगनिया स्थित यज्ञशाला में यादव समाज के तत्वावधान में भगवान गोवर्धन जी की पूजा बड़े ही विधि-विधान और श्रद्धा के साथ संपन्न हुई। यह आयोजन लगातार पांचवें वर्ष आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र के ग्रामीणों और समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूरे क्षेत्र में भक्ति और आस्था का माहौल देखने को मिला। पूजन कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ की गई। श्रद्धालुओं ने भगवान गोवर्धन की पूजा कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।

यज्ञशाला में पूरे रीति-रिवाजों के अनुसार हवन किया गया, जिसके बाद प्रसाद वितरण का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में यादव समाज के सभी प्रमुख पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर समाज के युवाओं ने भी सक्रिय भूमिका निभाई और आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। पूजन उपरांत एक गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें समाज की एकता और संगठन पर चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि “एक माधव, एक यादव” के विचार को साकार कर समाज को नई दिशा देने की जरूरत है।

समाज के हर वर्ग को मिलजुलकर आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित जनों ने अगले वर्ष और भी भव्य रूप में गोवर्धन पूजा आयोजित करने का संकल्प लिया। यज्ञशाला में पूरे दिन भक्ति गीतों और सामूहिक प्रसाद वितरण से माहौल भक्तिमय बना रहा। ग्रामीणों ने इस आयोजन को समाज की एकता और संस्कृति का प्रतीक बताया।


