
जशपुर पुलिस ने चौकी आरा क्षेत्र की ऑनलाइन ठगी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी जहुरुल इस्लाम को चेन्नई से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपना बैंक खाता किराए पर देकर ठगों को दो लाख 35 हजार रुपए की अवैध ट्रांजेक्शन में मदद की थी। पुलिस जांच में सामने आया कि वर्ष 2024 में पीएम किसान योजना का फर्जी लिंक भेजकर ग्राम टुकुटोली निवासी राजू साय से ठगी की गई थी।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन पर गठित टीम ने आरोपी को पकड़कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। पुलिस ने उसके मोबाइल और सिम जब्त कर अन्य सहयोगियों की तलाश शुरू कर दी है। जशपुर पुलिस ने बताया कि अपराधियों द्वारा “म्यूल अकाउंट” के जरिए ठगी के नए तरीके अपनाए जा रहे हैं, जिन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।


