
शहर के तोरवा थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब छठ घाट के पास झाड़ियों से बहकर नदी किनारे में एक नवजात शिशु का शव पड़ा हुआ मिला। सुबह टहलने आए लोगों ने जब यह नज़ारा देखा तो इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात के शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सिम्स अस्पताल भेज दिया गया प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छठ घाट के पास स्थित झाड़ियों से दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने जब पास जाकर देखा, तो वहां एक नवजात का शव पड़ा था। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई।सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि “नवजात शिशु एक या दो दिन पुराना लग रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक तौर पर यह कहा जा सकता है कि शिशु की मृत्यु दो-तीन दिन पहले हुई होगी, लेकिन वास्तविक कारण पीएम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा।”उन्होंने कहा कि फिलहाल मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है और आसपास के क्षेत्र से पूछताछ की जा रही है ताकि पता लगाया जा सके कि शव कहां से लाया गया और किसने इसे यहां फेंका।पुलिस के अनुसार, छठ घाट नदी किनारे स्थित है, इसलिए इस बात की भी संभावना है कि नवजात का शव किसी अन्य स्थान से बहकर यहां पहुंचा हो। हालांकि यह भी सिर्फ प्राथमिक अनुमान है, जिसकी पुष्टि जांच के बाद ही की जाएगी।


