
छत्तीसगढ़ की 25वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शनिवार को भव्य समापन हुआ, जिसमें बिलासपुर की टीम ने ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की। छत्तीसगढ़ में आयोजित 25वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शनिवार को पुलिस ग्राउंड में समापन समारोह आयोजित किया गया। यह प्रतियोगिता 15 से 18 अक्टूबर तक चली, जिसमें प्रदेश के पांच संभागों की टीमों ने भाग लिया। कबड्डी, बेसबॉल सहित कई खेलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, और जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी रहे। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा है, जो न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक रूप से भी व्यक्ति को मजबूत बनाता है।

उन्होंने कहा कि खिलाड़ी खेल भावना के साथ प्रदर्शन करें तो वे राज्य, राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन कर सकते हैं।वहीं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को अपने खेल में निखार लाने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम के दौरान बिलासपुर की टीम को ओवरऑल चैंपियन की ट्रॉफी मुख्य अतिथि के हाथों प्रदान की गई। इसके साथ ही सभी विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और प्रोत्साहन सामग्री वितरित की गई।


