छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल अपने बड़े पिताजी का हाल-चाल जानने के लिए जिला अस्पताल पहुंचे। इस दौरान अस्पताल में मौजूद सिविल सर्जन ने स्वास्थ्य मंत्री को जिला अस्पताल के व्यवस्थाओं से अवगत करवाया। तो वहीं जिला अस्पताल में मौजूद पत्रकारों ने भी स्वास्थ्य मंत्री से जिले में पसरी अव्यवस्थाओं से उन्हें अवगत करवाते हुए उनसे सवाल किये।

छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल जिला अस्पताल में भर्ती अपने बड़े पिताजी का हाल-चाल जानने के लिए अल्प प्रवास पर बुधवार की दोपहर बिलासपुर पहुंचे। उन्होंने बताया कि चिरमीरी रतनपुर खड़गंवा निवासी बद्री प्रसाद जायसवाल उनके बड़े पिताजी है जो लंबे समय से कमर दर्द की गंभीर समस्या से जूझ रहे थे। जिनसे उन्होंने उपचार सम्बन्धित बातचीत की और उन्होंने प्रदेश के बड़े-बड़े अस्पतालों और विशेषज्ञों की भी जानकारी अपने बड़े पिताजी को दी बावजूद इसके स्वास्थ्य मंत्री के बड़े पिताजी ने बिलासपुर शहर के जिला अस्पताल को चुना और यही भर्ती होकर उन्होंने अपना पूरा इलाज करने की बात कही जिसके बाद स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर उनके बड़े पिताजी बद्री प्रसाद जायसवाल को जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कर उनका गहन उपचार किया गया। उन्होंने बताया कि फिलहाल उनकी तकलीफ कम हो गई है जल्दी उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।

जिला अस्पताल में निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के बड़े अफसर के अलावा मीडिया कर्मी भी मौजूद थे।जिन्होंने स्वास्थ्य मंत्री से बिलासपुर जिले की चरमराई स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल पूछा तो उन्होंने कहा कि पूर्व के सरकार का तो उन्हें पता नहीं, लेकिन बीजेपी जो बोलती है वह करके दिखाती है, जल्द ही प्रदेश सहित जिले की स्वास्थ्य व्यवस्थाएं दुरुस्त हो जाएगी। इसके अलावा उनसे पूछा गया की प्रदेश सहित बिलासपुर जिले में टीबी की दवाई की मारामारी है जबकि राज्य सरकार ने इसको लेकर केंद्र सरकार से भी पत्राचार कर चुकी है लेकिन अब तक दवाई की जो कमी बनी हुई है उसे दूर नहीं किया जा सका है। इस पर उन्होंने जवाब देते हुए कहा कि प्रदेश में कहीं भी ऐसी कोई शिकायत नहीं कि कहीं भी टीबी की दवाई खत्म हो गई हो।

फिर भी इसके लिए उन्होंने टेंडर जारी किया था।लेकिन इसी बीच आदर्श आचार संहिता लागू हो गई।जिस वजह से टेंडर प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। फिर भी प्रदेश के सभी जिलों में इस तरह की कमियों को पूरा करने विशेष फंड होता है। अगर जरूरत पड़ी तो जिला स्वास्थ्य विभाग उस फंड का उपयोग कर दवाइयों की पूर्ति कर सकती है। फिर उनसे पूछा गया कि बीजेपी की सरकार बनने के बाद यह कहा गया था कि लोकसभा चुनाव के पूर्व ही बिलासपुर जिले के सुपर मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल का शुभारंभ कार्य पूरा कर लिया जाएगा जो अब तक नहीं हो सका है। स्वास्थ्य मंत्री ने फिर से संतुलित जवाब देते हुए कहा कि बीजेपी की सरकार दिखावे के लिए काम नहीं करती है, ना ही राजनीतिक लाभ के लिए। बगैर काम पूरा किया ही किसी प्रोजेक्ट का लोकार्पण भी नहीं करती। इसी तरह सुपर मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में कुछ-कुछ काम शेष रह गए हैं जिसके पूरा होते ही इसका लोकार्पण कर बिलासपुर वासियों को उसका लाभ दिया जाएगा।

सवाल जवाब के दौरान स्वास्थ्य मंत्री से पूछा गया कि सिम्स प्रबंधन मोटे कमीशन के लालच में सिम्स के पुराने मशीनरी उपकरणों को कंडम बताकर उसे निजी अस्पतालों को लगभग 21 लाख रुपए में बेच दिया गया।जब निजी अस्पताल वाले उसकी मरम्मत करवाकर उपयोग कर सकते हैं तो क्या सिम्स प्रबंधन उसकी मरम्मत कार्य कराकर उपयोग नहीं कर सकता तो इस पर मंत्री ने जवाब दिया कि कोई भी मशीनरी उपकरणों की एक लाइफ सीमित होती है। वैसे भी इस तरह के कार्यों पर राज्य सरकार का किसी तरह कोई नियंत्रण नहीं होता फिर भी अगर किसी को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से ऐसा किया गया है तो वह उसकी जांच करवा कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करेंगे। अंत में उनसे पूछा गया कि जिले में लगातार सड़क हादसे और बर्न जैसे अन्य मामले बढ़ते जा रहे हैं। लेकिन जिले में शासकीय बर्न यूनिट सीमित है इस पर उन्होंने जवाब देते हुए कहा कि हाल ही में बजट पेश किया गया है। जिसके बाद सिम्स संस्थान को बजट के दौरान 700 करोड रुपए विभिन्न कार्यों के लिए स्वीकृति दी गई है इसमें बर्न यूनिट भी शामिल है।


बहरहाल प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री अल्प प्रवास पर बिलासपुर पहुंचे थे। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने जिला अस्पताल में कमर दर्द का उपचार के लिए भर्ती अपने बड़े पिताजी से भी मिलकर उनका हाल-चाल जाना। साथ ही जिला अस्पताल सहित जिले की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं से भी रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि बीजेपी जो बोलती है वह करके दिखाती है जितने भी अव्यवस्था पूर्व में फैली हुई थी उसे दुरुस्त करने का काम उनकी सरकार द्वारा किया जा रहा है। निश्चित ही प्रदेश सहित जिले की स्वास्थ्य व्यवस्थाएं जल्द ही दुरुस्त हो जाएगी।




