
रायगढ़ जिले के गेरवानी से देलारी सराईपाली को जोड़ने वाली सड़क की बदहाली को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत बनी यह सड़क अब पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि आए दिन हादसे होते हैं। ग्रामीणों ने कई बार शिकायत की, लेकिन जब सुनवाई नहीं हुई, तो उन्होंने सोमवार सुबह 8:00 बजे से चक्का जाम कर दिया।इस सड़क से रोजाना भारी संख्या में उद्योगों की ओर जाने वाले हेवी लोड ट्रक गुजरते हैं, जिससे सड़क और भी ज्यादा क्षतिग्रस्त हो चुकी है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने पहले ही प्रशासन को चेतावनी दी थी कि यदि शीघ्र सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं किया गया, तो वे आंदोलन करेंगे।धरने पर बैठे ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क का पुनर्निर्माण किया जाए। चक्का जाम के चलते भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। इससे आसपास के उद्योगों में कच्चे माल की आपूर्ति भी प्रभावित हुई है।प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है, जिससे ग्रामीणों का आक्रोश और भी बढ़ता जा रहा है। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल भी तैनात किया गया है।


