शनिवार की सुबह से हो रही बारिश के बीच ही एसीबी की टीम ने शहर में दबिश दी है। दरअसल शनिवार की सुबह बिलासपुर जिले के जिला शिक्षा अधिकारी टीआर साहू के कई ठिकानों पर एंटी क्रप्शन ब्यूरो की अलग अलग टीम ने एक साथ छापेमार कार्यवाही की है और वैधानिक कार्यवाही के लिए जिला शिक्षा अधिकारी को अपने कस्टडी में ले लिया है।


बरसते पानी में एसीबी की टीम शनिवार की सुबह तकरीबन छै बजे सरकंडा के नूतन कॉलोनी स्थित बिलासपुर जिले के जिला शिक्षा अधिकारी टीआर साहू के निवास और उनके कवर्धा स्थित निवास पर छापेमार कार्यवाही की। खास बात यह रही कि इस पूरे कार्यवाही के दौरान इस बार एसीबी ने जिला पुलिस बल की मदद नहीं ली। जिसके कारण छापेमारी की भनक तक किसी को नहीं लगी। सुबह 6 बजे से सुबह 10 बजे तक एसीबी ने डीईओ के घर अंदर जांच कर उन्हें अपने कस्टडी में लेकर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय लेकर पहुंची और वहां फाइलों की जांच पड़ताल के बाद टीम डीईओ को कार्यालय में ही छोड़कर चली गयी।



बता दें कि एसीबी अजितेश सिंह, निरीक्षक पौरुष पुर्रे सहित अन्य अधिकारियों की टीम जिला शिक्षा अधिकारी के घर उस समय पहुंची जब घर के सारे सदस्य चैन की नींद ले रहे थे।जब बेल बजाने के बाद दरवाजा खुला, तो एसीबी के अफसरों ने अपना परिचय दिया।एसीबी का नाम सुन जिला शिक्षा अधिकारी समेत उनके परिवार सदस्यों के बीच हड़कम्प मच गया।बता दें कि बिलासपुर जिले के जिला शिक्षा अधिकारी के खिलाफ अनुपातहीन संपत्ति की कई शिकायतें आई थी। लंबे समय से डीईओ टीआर साहू एसीबी के रडार पर थे।इस तरह सारी शिकायतों की जांच पड़ताल के बाद एसीबी ने शनिवार की सुबह डीईओ के घर छापेमारी कि कार्रवाई की है।


