जीजा को कॉल नहीं लगाने से नाराज छोटे भाई ने बड़े भाई पर सब्जी काटने वाले चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस घटना में बड़े भाई के सिर, हाथ सहित पूरे शरीर मे गम्भीर चोटें आई है। गंभीर रूप से घायल युवक को परिवार वालों ने सिम्स में भर्ती कराकर इस पूरे घटना की जानकारी थाना सरकंडा पुलिस को दी। पुलिस ने भी मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी छोटे भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। खमतराई निवासी दीपक सूर्यवंशी ने अपने बड़े भाई धर्मेंद्र सूर्यवंशी को अपने जीजाजी को फोन लगाने के लिए कहा।

इस बीच धर्मेंद्र ने कहा कि उसके मोबाइल का बैलेंस खत्म हो गया है। इससे धर्मेंद्र के छोटे भाई दीपक ने विवाद शुरू कर दिया और जब विवाद बढ़ गया तो दीपक ने तैश में आकर अपने बड़े भाई धर्मेंद्र पर सब्जी काटने वाले चाकू से हाथ, सिर सहित शरीर के अन्य अंग पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इससे खून से लथपथ धर्मेंद्र को परिवार वालों ने सिम्स में इलाज के लिए भर्ती कराया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके से दीपक सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।






