
डोंगरगढ़ क्षेत्र के कनघुर्रा जंगल में मंगलवार दोपहर पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। नियमित गश्त पर निकले सुरक्षाबलों पर घात लगाकर नक्सलियों ने अचानक हमला कर दिया, जिसके बाद दोनों ओर से जमकर फायरिंग हुई। इस मुठभेड़ में पुलिस बल का एक जवान गोली लगने से घायल हो गया। घायल जवान को तुरंत मौके से सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।हमले के बाद सुरक्षा बलों ने पूरा इलाका घेरकर नक्सलियों की संभावित आवाजाही वाले मार्गों पर सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। क्षेत्र में अतिरिक्त जवानों की भी तैनाती की गई है, ताकि नक्सलियों की हर गतिविधि पर निगरानी रखी जा सके। उल्लेखनीय है कि मंगलवार को ही प्रदेश के अन्य इलाकों में चलाए गए ऑपरेशन में सुरक्षा बलों ने कई नक्सली कमांडरों को ढेर किया था, जिससे इलाके में नक्सलियों की गतिविधियाँ कमजोर पड़ी हैं।इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि सरकार और सुरक्षा बल नक्सलवाद के खात्मे के लिए पूरी गंभीरता के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि 2026 तक नक्सल-मुक्त छत्तीसगढ़ का जो संकल्प लिया गया है, उस पर प्रदेश पूरी तरह सफल होगा। सिंह देव ने कहा कि सरकार की सख्त रणनीति और लगातार चल रहे अभियान नक्सली समस्या को जड़ से समाप्त कर देंगे।


