
शनिवार को बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल और जिला पंचायत सीईओ ने तखतपुर का अचानक निरीक्षण किया, निरीक्षण के दौरान नगर पालिका सीएमओ को सफाई व्यवस्था और अतिक्रमण हटाने को लेकर सख्त हिदायत दी गई। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि नागरिकों को सड़क, पानी, बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं समय पर और बेहतर तरीके से मिलनी चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से इन सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण को लेकर विस्तृत चर्चा की। गौरतलब है कि तखतपुर की जर्जर सड़कों को लेकर पिछले दो दिनों से क्षेत्र में भारी आक्रोश और विरोध देखा जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर का यह निरीक्षण लोगों में चर्चा का विषय बन गया है। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष पूजा मक्कड़ ने बताया कि आज उनके जन्मदिन के अवसर पर कलेक्टर का आगमन उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने बताया कि कलेक्टर द्वारा तखतपुर नगर के विकास के लिए DMF मद से 40 लाख रुपए की घोषणा की गई है, जिसका उपयोग नगर में आधारभूत सुविधाओं के विकास में किया जाएगा।


