तिफरा फ्लाई ओवर ब्रिज में एक तेज रफ्तार मिक्चर मशीन ने फर्राटे भरते हुए एक बाइक पर सवार तीन लोगों को बुरी तरह ठोकर मार दी। घटना में एक युवक मिक्चर मशीन की चपेट में आ गया जिसकी मौके पर ही मौत हो गयी, तो वहीं दो लोग सामान्य रूप से घायल हुए। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।

थाना सिरगिट्टी अंतर्गत तिफरा फ्लाइ ओवर ब्रिज में फिर एक सड़क हादसे में एक बाइक सवार की जान चली गई। मृतक युवक समीर सूर्या अपने घर मे इकलौता कमाने वाला था। वो हमेशा की तरह अपने बाइक सीडी डीलक्स में साथियों के साथ सवार होकर सोमवार की सुबह मेडिकल एजेंसी अपने काम पर जाने निकला था। वे तिफरा के नए फ्लाई ब्रिज पर पहुंचे ही थे जिसे ओव्हर टेक करते हुए मिक्चर मशीन क्रमांक CG 10 BS 2397 ने पीछे से ठोकर मारते हुए समीर सूर्या को कुचल दिया। घटना में मौके पर ही समीर की मौत हो गयी। वहीं बाकी को सामान्य चोटें आई है। मृतक के परिजनों का आरोप है कि वर्तमान में आचार संहिता लागू है ऐसी स्थिति में किसी तरह का कोई भी विकास कार्य शहर में नहीं हो रहा है। बावजूद इसके नो एंट्री के समय इतना बड़ा मिक्चर मशीन वाहन शहर में कैसे दौड़ रही है।

मृतक के परिजनों ने शासन प्रशासन को इस मौत का जिम्मेदार बताया है। साथ ही उन्होंने कहा है कि फ्लाई ओवर ब्रिज में कोई भी वाहन धीमी गति से चलती है लेकिन मिक्सर मशीन तेजी से फर्राटे भर रही थी और ओवरटेक करते हुए बाइक सवारों को बुरी तरह ठोकर मारते हुए मृतक समीर सूर्या को कुचलते हुए आगे निकल गई। पुलिस ने चालक और गाड़ी को अपने कब्जे में लेकर कार्यवाही करते हुए मामले में शव मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम करने के बाद पूरे मामले की जांच कर रही है।

बहरहाल भले ही सिरगिट्टी पुलिस चालक और परिचालक को गिरफ्तार कर मिक्चर मशीन अपने कब्जे में लेकर कार्यवाही करने की बात कर रही है। लेकिन जिन जिम्मेदारों की वजह से इकलौते कमाऊ पूत की जान चली गयी उन्हें सजा कौन देगा। सवाल यही है कि आखिर आचार सहिंता के दौरान इतना बड़ा मिक्चर मशीन शहर में कैसे प्रवेश किया, क्या चौक चौराहों पर तैनात ट्रेफिक के जवान या फिर चौक पर सिग्नलों पर लगे बड़े बड़े कैमरों की नजर भी मिक्चर मशीन में नही पड़ी।फिलहाल देखने वाली बात होगी कि पुलिस इस मामले पर गंभीरता से जांच पड़ताल करती है या फिर हमेशा की तरह इस मामले को भी ठंडे बस्ते पर डाल दिया जायेगा।


