
तिफरा सब्जी मंडी को लेकर चल रहे विवाद ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। मंडी के अध्यक्ष मुकेश अधिजा पर फर्जी पंजीयन और दुकानदारों को अवैध रसीद देने के आरोप लगाए गए हैं। इस मामले की शिकायत कृषि उपज मंडी रायपुर में दर्ज की गई थी, जिसके बाद शनिवार को जांच टीम बिलासपुर पहुंची और दोनों पक्षों को बुलाकर उनकी बात सुनी।पहले पक्ष ने जांच अधिकारियों को बताया कि मौजूदा समिति अवैध रूप से कार्य कर रही है क्योंकि उसका पंजीयन नहीं कराया गया है। उन्होंने दावा किया कि अध्यक्ष भी बिना वैध प्रक्रिया के पद पर बने हुए हैं और इसके प्रमाणस्वरूप कई दस्तावेज जांच टीम को सौंपे।वहीं, दूसरे पक्ष ने अपने पंजीयन और चुनाव से जुड़े सभी दस्तावेज समिति को सौंपते हुए कहा कि शिकायतकर्ता स्वयं चुनाव प्रक्रिया में शामिल थे और समिति द्वारा सभी नियमों का पालन किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में शिकायतकर्ता और एक दुकानदार के बीच विवाद हुआ था, जिसमें अध्यक्ष ने मध्यस्थता कर समझौता कराया था, जिसके बाद से ही उनके खिलाफ झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं।जांच अधिकारी ने बताया कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए गए हैं और रिपोर्ट रायपुर स्थित कृषि उपज मंडी कार्यालय को भेजी जाएगी, जिसके बाद पूरे मामले का अंतिम निष्कर्ष सामने आएगा।


