
बिलासपुर– आने वाले समय में नवरात्र, दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ जैसे प्रमुख त्योहार मनाए जाने हैं। इस दौरान देशभर के लोग अपने-अपने घरों की ओर लौटते हैं, जिससे ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिलती है। खासतौर पर उत्तर भारत, हावड़ा और मुंबई जैसे रूटों पर यात्री संख्या में तेज़ी से बढ़ोतरी होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे ने त्योहारों के दौरान विशेष ट्रेनों को चलाने का निर्णय लिया है।दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर जोन से होकर गुजरने वाली कई स्पेशल ट्रेनों को मंजूरी दी गई है। रेलवे के अनुसार, हावड़ा और उत्तर भारत की ओर जाने वाली लगभग चार विशेष ट्रेनों को अनुमति दी गई है। इससे इन मार्गों पर यात्रा कर रहे यात्रियों को राहत मिलेगी और वे समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।त्योहारी सीजन में ट्रेनों की उपलब्धता कम होने और वेटिंग लिस्ट लंबी होने के कारण यात्रियों को सफर में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। लेकिन रेलवे द्वारा लिए गए इस निर्णय से उम्मीद की जा रही है कि यात्रियों को अधिक सुविधा मिलेगी और सफर आरामदायक होगा।रेलवे जल्द ही इन स्पेशल ट्रेनों का समय, मार्ग और संख्या जारी करेगा, ताकि लोग पहले से ही योजना बनाकर टिकट बुक कर सकें।




