
दीपावली और छठ पर्व पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल ने व्यापक प्रबंध किए हैं। मंडल से 9 फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं, जिनसे सवा लाख से अधिक कंफर्म बर्थ उपलब्ध कराई जा रही है।भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त स्टाफ, आरपीएफ और सिविल डिफेंस टीमें 24 घंटे ड्यूटी पर हैं। स्टेशन व कोचों में लाउड हेलर, डिजिटल संकेतक और कंट्रोल वार रूम के जरिए लगातार निगरानी की जा रही है। यात्रियों को सुरक्षित चढ़ने-उतरने के निर्देश दिए जा रहे हैं।मंडल रेल प्रबंधक राजमल खोईवाल ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। रेलवे पूरी तत्परता से सुनिश्चित कर रहा है कि हर यात्री को त्योहारों के दौरान सुगम और सुरक्षित यात्रा अनुभव मिले।


