
बिलासपुर। दिवाली के अवसर पर जहां शहर रोशनी और उत्सव में डूबा था, वहीं दूसरी ओर पुलिस विभाग भी पूरी मुस्तैदी के साथ कानून व्यवस्था बनाए रखने में जुटा रहा। इस दौरान शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए कई मामलों में सख्त कदम उठाए हैं। कई स्थानों पर गैरकानूनी गतिविधियों पर रोक लगाई गई और संदिग्ध तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार, बीते चार दिनों में बिलासपुर पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर लाखों रुपए की नकद राशि बरामद की है। कई मामलों में सट्टा, अवैध लेनदेन और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई सुरक्षा व्यवस्था और अपराध नियंत्रण के तहत की गई है ताकि त्योहार के दौरान कोई अप्रिय स्थिति न बने। इस संबंध में सीएसपी निमितेश सिंह परिहार ने जानकारी देते हुए कहा कि बीते चार दिनों में पुलिस ने लाखों रुपए जप्त किए हैं। उन्होंने बताया कि इन मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और प्रत्येक थाने को निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे मामलों पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाए।पुलिस ने नागरिकों को चेतावनी देते हुए कहा है कि भविष्य में ऐसे किसी भी अवैध गतिविधि में शामिल पाए जाने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि वे ऐसे मामलों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें ताकि शहर में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे।


