देवरीखुर्द वार्ड क्रमांक 43 स्थित अटल आवास के लगभग 400 परिवार गंदगी और अव्यवस्था से परेशान हैं। सफाई व्यवस्था चरमराने के कारण रहवासियों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। आवास परिसर में सफाई कर्मचारी नियुक्त न होने के कारण चारों ओर कचरा फैला हुआ है। कई महीनों से नियमित रूप से कचरा नहीं उठाया गया है, जिससे नालियां जाम हो गई हैं और गलियों में गंदगी का साम्राज्य स्थापित हो गया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि आवास परिसर में सफाई न होने के कारण नालियां पूरी तरह जाम हो गई हैं। नालियों में मिट्टी और कचरा जमा होने से गंदा पानी बहने में बाधा उत्पन्न हो रही है, जिससे पानी गलियों और सड़कों पर फैल रहा है। यही कारण है कि सड़क किनारे बने गड्ढों में यह पानी जमा होकर बदबू फैला रहा है। बारिश के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाती है। नालियों की सफाई नहीं होने के कारण उनमें से गंदा पानी उफनकर बाहर आ जाता है और पूरी सड़क पर गंदगी का अंबार लग जाता है। रहवासियों को मजबूरन इस गंदगी के बीच से आना-जाना पड़ता है। सड़कों पर भरा गंदा पानी और जगह-जगह फैला कचरा मच्छरों के प्रजनन का कारण बन रहा है। इस इलाके में डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है। रहवासियों का कहना है कि प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है, जिससे उनके स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है। वार्ड में सूखे कचरे को फेंकने के लिए कोई उचित व्यवस्था नहीं है। जगह-जगह कूड़ेदान न होने के कारण लोग मजबूरन कचरा खुले स्थानों पर डाल रहे हैं। इससे न केवल वातावरण प्रदूषित हो रहा है, बल्कि दुर्गंध भी फैल रही है। घरों के आसपास कचरे का ढेर लगने के कारण वहां से गुजरना भी मुश्किल हो गया है। सड़कें भी जर्जर स्थिति में हैं। गड्ढों की भरमार के कारण आवागमन बाधित हो रहा है। बारिश के दिनों में यह समस्या और गंभीर हो जाती है क्योंकि पानी भर जाने से गड्ढे नजर नहीं आते और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। अटल आवास के रहवासियों का कहना है कि सफाई कर्मचारी कभी-कभी आते भी हैं, तो सिर्फ औपचारिकता निभाकर चले जाते हैं, जिससे समस्या जस की तस बनी रहती है। लोगों ने नवनिर्वाचित पार्षद से उम्मीद जताई है कि वे जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान निकालेंगे। रहवासियों की मांग है कि क्षेत्र में नियमित सफाई व्यवस्था लागू की जाए, नालियों की सफाई कराई जाए, सड़कों की मरम्मत हो और कूड़ा फेंकने के लिए उचित स्थानों पर कूड़ेदान लगाए जाएं।इसके अलावा, गड्ढों को भरने और जल निकासी की उचित व्यवस्था करने की भी जरूरत है प्रशासन को जल्द ही इस ओर ध्यान देना होगा, ताकि देवरीखुर्द अटल आवास के निवासियों को इस नारकीय जीवन से मुक्ति मिल सके।


