
बिलासपुर देवी अहिल्याबाई होल्कर की जयंती के उपलक्ष्य पर रविवार को बन्नाक चौक के पास स्थित तालाब में नगर निगम द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस विशेष अभियान में महापौर पूजा विधानी, नगर पार्षदगण और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। इसके बाद स्वच्छता अभियान का शुभारंभ हुआ। महापौर पूजा विधानी ने स्वयं हाथ में झाड़ू लेकर तालाब की सफाई में भाग लिया और लोगों को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक किया।इस अभियान के माध्यम से नगर निगम ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि देवी अहिल्याबाई जैसी महान व्यक्तित्व की जयंती केवल औपचारिकता न होकर समाज सेवा और प्रेरणा का माध्यम बने। स्थानीय नागरिकों ने भी स्वेच्छा से श्रमदान कर सफाई में सहयोग दिया और इसे नियमित रूप से जारी रखने की बात कही। महापौर ने इस अवसर पर कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि वे अपने घर और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने में सहयोग करें, ताकि देवी अहिल्याबाई होल्कर की शिक्षाओं और आदर्शों को सही मायने में सम्मान दिया जा सके।




