
बिलासपुर– नगर निगम द्वारा किराए पर दी गई दुकानों से बकाया राशि की वसूली के लिए अभियान लगातार तेज़ किया जा रहा है। हाल ही में नेहरू नगर की 13 और शनिचरी बाजार की 7 दुकानों को सील कर लगभग ₹9 लाख की वसूली की गई। इस कार्रवाई के बाद अब नगर निगम ने दुकानदारों को राहत देने की दिशा में कदम उठाते हुए शिविर लगाने की शुरुआत की है।शुक्रवार को शनिचरी बाजार में एक वसूली शिविर लगाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में दुकानदारों ने पहुंचकर बकाया किराया जमा किया। नगर निगम के बिलासपुर परिक्षेत्र में वर्तमान में लगभग 3000 दुकानें हैं, जिससे नगर निगम को सालाना लगभग ₹2 करोड़ का राजस्व प्राप्त होता है। हालांकि समय पर किराया जमा न होने की वजह से निगम को आर्थिक नुकसान हो रहा है।राजस्व वृद्धि के लिए निगम ने अब सख्त रवैया अपनाते हुए किराया नहीं चुकाने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई शुरू कर दी है। शिविर के माध्यम से जहां दुकानदारों को सुविधा मिल रही है, वहीं नगर निगम की आय में भी इज़ाफा हो रहा है।




