Homeहमर बिलासपुरन्यायधानी में सक्रिय चोर गिरोह, देवरीखुर्द के तीन घरों में लाखों की...

न्यायधानी में सक्रिय चोर गिरोह, देवरीखुर्द के तीन घरों में लाखों की चोरी,शातिर चोरों ने कैमरे से बचते हुए दिया वारदात को अंजाम, पुलिस के हाथ खाली

प्रदेश की न्यायधानी बिलासपुर में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक के बाद एक हो रही बड़ी चोरियों से शहरवासियों में दहशत का माहौल है। हाल ही में तोरवा थाना क्षेत्र के देवरीखुर्द स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में चोर गिरोह ने एक साथ तीन सूने मकानों को निशाना बनाते हुए करीब 4 लाख की चोरी को अंजाम दिया है। बताया जा रहा है कि जिन मकानों में चोरी हुई, उन घरों के सदस्य घूमने के लिए बाहर गए हुए थे। जब वे लौटे तो घर का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाने पर देखा कि अलमारी के ताले भी तोड़े गए थे और सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर और नगदी पर हाथ साफ कर दिया था। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित परिवारों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और गुरुवार को एफआईआर दर्ज की गई। चोरी की घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें चोरों की गतिविधियां रिकॉर्ड हैं। हालांकि चोर इतने शातिर थे कि उन्होंने कैमरे से बचते हुए वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी हुई है। यह कोई पहली घटना नहीं है। पिछले कुछ दिनों में सरकंडा, मस्तूरी और तोरवा थाना क्षेत्रों में इस तरह की तीन बड़ी चोरियां हो चुकी हैं, जिनमें चोर घरों के ताले तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात और नगदी चुरा ले गए। इन मामलों में अब तक पुलिस को कोई ठोस सफलता नहीं मिली है, शहर में सक्रिय यह शातिर चोर गिरोह रात के अंधेरे में वारदातों को अंजाम देकर पुलिस की नींद हराम कर रहा है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से यह साफ है कि गिरोह पहले रेकी कर सुनसान मकानों को टारगेट बना रहा है। अब जरूरत है कि पुलिस सतर्कता बढ़ाए, पेट्रोलिंग में तेजी लाए और जल्द से जल्द इन मामलों का खुलासा कर जनता को राहत प्रदान करे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments