
सेक्टर स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का सफल आयोजन मंगलवार को बहतराई एथलेटिक्स ग्राउंड में किया गया। इस प्रतियोगिता में तीन जिलों के 20 महाविद्यालयों से पहुंचे एथलेटिक्स खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपने बेहतरीन प्रदर्शन से दर्शकों और अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया। विभिन्न ट्रैक एवं फील्ड इवेंट्स में खिलाड़ियों ने पूरे जोश और प्रतिभा के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य आगामी जिला, विश्वविद्यालय तथा राज्य स्तर की टीमों के चयन के लिए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान करना था।प्रतियोगिता की चयन समिति एवं खेल अधिकारी पूरे समय मैदान में मौजूद रहे। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन को बारीकी से परखा और चयन मापदंडों के आधार पर उनकी क्षमताओं का आकलन किया।

खेल विशेषज्ञों का कहना था कि इस बार प्रतियोगिता में कई ऐसे खिलाड़ी सामने आए हैं जिनके अंदर राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने की क्षमता है। ऐसे खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने के लिए उन्हें जिला स्तरीय टीम में शामिल किया जाएगा।प्रतियोगिता के उपरांत विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, जिससे खिलाड़ियों में उत्साह और भी बढ़ा। आयोजन समिति ने बताया कि बहतराई ग्राउंड जैसी आधुनिक सुविधाओं वाले मैदान में नियमित प्रशिक्षण से खिलाड़ी भविष्य में और भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे। आने वाले दिनों में चयनित खिलाड़ियों की जिला टीम तैयार की जाएगी, जिसके बाद इनमें से श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वालों को विश्वविद्यालय टीम में शामिल किया जाएगा।यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों में खेल भावना को बढ़ावा देने के साथ उन्हें उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण साबित हुई।


