बिलासपुर तिफरा ओवर ब्रिज से यदुनंदन नगर की ओर जाने वाली सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। असल में यह सड़क सीएसआईडीसी की जिम्मेदारी में है जिनके द्वारा लंबे समय से इसकी मरम्मत न किए जाने से हालत बदतर है। इंडस्ट्रियल एरिया होने के कारण यहां हमेशा भारी वाहनों की आवाजाही होती है लेकिन यही सड़क तिफरा, बाबाजी कॉलोनी, यदुनंदन नगर, घुरू अमेरी में रहने वाले लोगों के भी आवाजाही में इस्तेमाल होती है। साथ ही हाई कोर्ट रोड व्यस्त होने पर लोग इसका इस्तेमाल बाईपास सड़क की तरह करते हैं। मगर इस सड़क की लंबे वक्त से मरम्मत न होने से यहां यातायात में मुश्किलें आ रही है, तो वहीं भारी वाहनों के कभी भी पलट कर दुर्घटना ग्रस्त होने की आशंका बनी रहती है। स्थानीय नागरिक से लेकर कई बार अपनी नाराजगी जाहिर कर चुके हैं तो वहीं स्थानीय पार्षद गायत्री लक्ष्मी साहू इसे भी राजनीतिक चश्मे से देख कर उद्योग विभाग को प्रस्ताव भेजने की बात कह रही है। इन सब के बीच आने वाले दिनों में बरसात का मौसम आएगा जिससे यहां की समस्या और भी विकराल हो जाएगी।





