बिलासपुर वित्तीय वर्ष 2024-25 के अंतिम तीन दिनों में राजस्व वसूली बढ़ाने के लिए नगर निगम ने अभियान तेज कर दिया है। नगर निगम ने 29, 30 और 31 मार्च को अवकाश के बावजूद संपत्ति कर, समेकित कर सहित सभी प्रकार के करों की वसूली के लिए अपने काउंटर खुले रखने का निर्णय लिया है। करदाता निगम मुख्यालय विकास भवन और सभी जोन कार्यालयों में निर्धारित काउंटर पर टैक्स जमा कर सकते हैं। नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 31 मार्च तक टैक्स जमा न करने वालों पर अर्थदंड लगाया जाएगा। निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अर्थदंड और अन्य असुविधाओं से बचने के लिए अपने बकाया टैक्स का समय पर भुगतान करें। करदाताओं की सुविधा के लिए नगर निगम ने ऑनलाइन टैक्स भुगतान पोर्टल भी उपलब्ध कराया है। इस पोर्टल के माध्यम से लोग घर बैठे ही अपने करों का भुगतान कर सकते हैं। ऑनलाइन भुगतान की प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित है और करदाता अपनी प्रॉपर्टी आईडी, नाम अथवा वार्ड नंबर दर्ज करके टैक्स संबंधी पूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। करदाता किसी भी समय टैक्स का भुगतान कर सकते हैं। भुगतान के बाद करदाता डिजिटल रसीद प्राप्त कर सकते हैं, जिसे डाउनलोड या प्रिंट किया जा सकता है। नगर निगम द्वारा तैयार किए गए पोर्टल पर सभी ट्रांजेक्शन पूरी तरह से सुरक्षित हैं। नगर निगम ने शहरवासियों से अनुरोध किया है कि वे समय पर करों का भुगतान करें और किसी भी प्रकार के अतिरिक्त शुल्क से बचें। यह अभियान 31 मार्च तक जारी रहेगा, जिससे अधिक से अधिक करदाता समय सीमा के भीतर अपने करों का भुगतान कर सकें।


