
स्वच्छ रेल स्वच्छ भारत अभियान के तहत 9 और 10 अक्टूबर को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल में स्वच्छ आहार थीम पर व्यापक निरीक्षण किया गया। पहले दिन प्रमुख स्टेशनों पर कैंटीन व केटरिंग स्टालों की स्वच्छता, खाद्य गुणवत्ता, उचित भंडारण और कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने कचरा प्रबंधन, बर्तनों की सफाई और यात्रियों को स्वच्छ वातावरण में सेवा सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

दूसरे दिन मंडल से चलने एवं गुजरने वाली गाड़ियों के पेंट्रीकार का निरीक्षण किया गया। इसमें पैकेट बंद खाना, रेलनीर की तिथि, उपकरणों की उपलब्धता और भोजन की गुणवत्ता की जांच शामिल रही। अधिकारियों ने ऑन ड्यूटी स्टाफ को लगातार स्वच्छता बनाए रखने और यात्रियों से सेवा संबंधी प्रतिक्रिया लेने का निर्देश दिया, ताकि रेलवे की खानपान सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार हो।


