बिलासपुर में अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। अपराधी अब सरेराह कट्टा लहराकर आम जनता को डरा-धमका रहे हैं, ऐसा ही एक मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र से सामने आया, जहां दो अपराधी हथियार के साथ खुलेआम घूम रहे थे। पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार तो कर लिया, लेकिन यह घटना शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर रही है। बिलासपुर जिले में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के बन्नाक चौक का है, जहां मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि ये आरोपी खुलेआम देशी कट्टा लहराकर लोगों को धमका रहे थे। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया गया।पकड़े गए आरोपियों में विकास उर्फ बाके सिंह और अरुण यादव शामिल हैं। तलाशी के दौरान विकास के पास से एक देशी कट्टा बरामद किया गया। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया है। बिलासपुर में इस तरह की घटनाएं आम होती जा रही हैं। शहर में कानून-व्यवस्था दिन-ब-दिन कमजोर होती जा रही है। अपराधियों में पुलिस का कोई खौफ नहीं बचा है। आम जनता सवाल उठा रही है कि क्या पुलिस अपराधियों पर नियंत्रण कर पाएगी या फिर ऐसे ही अपराध बढ़ते रहेंगे।अब देखने वाली बात यह होगी कि क्या पुलिस इस मामले से सबक लेकर अपनी गश्त और निगरानी बढ़ाएगी या फिर यह घटना भी अन्य मामलों की तरह ठंडे बस्ते में डाल दी जाएगी।




