बिलासपुर में अवैध धान का खेल जारी, प्रशासन के लिए खुली चुनौती, अवैध धान का खतरनाक नेटवर्क आखिर किसके संरक्षण में मंडी तक पहुंच रहा

बिलासपुर में अवैध धान का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंडी सीमा में रोज़ छापेमारी हो रही है, धान पकड़ा जा रहा है, कार्रवाई भी हो रही है।लेकिन इसके बावजूद सवाल वही का वही खड़ा है।आख़िर इतना धान आ कहां से रहा है और किसके संरक्षण में मंडी तक पहुंच रहा है?प्रशासन के सामने यह अब सिर्फ कार्रवाई का नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम की साख का सवाल बन चुका है। बिलासपुर जिले में अवैध धान की आमद अब प्रशासन के लिए बड़ी और गंभीर चुनौती बन गई है। मंडी सीमा के भीतर लगातार जांच और कार्रवाई के बावजूद हर दिन नया मामला सामने आ रहा है। ताज़ा कार्रवाई में संयुक्त जांच दल ने दगौरी और पौंसरा इलाके से दर्जनों बोरियों में भरा अवैध धान जब्त किया है।आंकड़े चौंकाने वाले हैं। अब तक जिले में 49 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं। 1500 क्विंटल से अधिक अवैध धान पकड़ा गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 30 लाख रुपये से ज्यादा बताई जा रही है। इसके बावजूद अवैध धान का यह सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा।सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब मंडी सीमा पर निगरानी है, चेकिंग हो रही है, फिर भी इतनी बड़ी मात्रा में धान मंडी तक कैसे पहुंच रहा है? क्या इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क काम कर रहा है? और अगर हां, तो उसे किसका संरक्षण मिल रहा है?इधर, जिला सहकारी बैंक के नव नियुक्त अध्यक्ष रजनेश सिंह ने पदभार संभालते ही अवैध धान के कारोबार पर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि अवैध धान की खरीदी, भंडारण या परिवहन में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। रजनेश सिंह ने यह भी भरोसा दिलाया है कि वास्तविक किसानों के एक-एक दाने की खरीदी सुनिश्चित की जाएगी और उन्हें सरकार की सभी योजनाओं का पूरा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि किसानों के हक पर डाका डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।अब देखना होगा कि प्रशासन और सहकारी तंत्र की यह सख्ती सिर्फ चेतावनी तक सीमित रहती है या फिर अवैध धान के इस खतरनाक नेटवर्क पर सच में पूरी तरह नकेल कसी जाती है। फिलहाल, बिलासपुर में अवैध धान का खेल सिस्टम के लिए खुली चुनौती बना हुआ है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
3,912FollowersFollow
21,600SubscribersSubscribe
spot_img

Latest Articles