
बिलासपुर। श्याम प्रेमियों के सबसे बड़े पर्व श्याम बाबा पाठ उत्सव को लेकर शहर में भक्ति और उल्लास का माहौल छाया हुआ है। यह उत्सव हर साल की तरह इस बार भी बड़े धूमधाम से मनाया जा रहा है। 1 नवंबर को मुख्य पाठ उत्सव का आयोजन होना है, जिसके पूर्व आज 31 अक्टूबर को भव्य निशान यात्रा निकाली गई। शहर के कोने-कोने से श्रद्धालु इसमें शामिल हुए और जय श्री श्याम के जयघोष से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। यह निशान यात्रा ठाकुर देव मंदिर से प्रारंभ होकर जूना बिलासपुर बस स्टैंड होते हुए टिकरापारा स्थित श्याम कुंज दरबार तक पहुंची। यात्रा में भक्तों ने श्याम बाबा के झंडे, ध्वज और कीर्तन के साथ भक्ति झांकी प्रस्तुत की। पूरे रास्ते में ढोल-नगाड़ों की थाप, भजन और नाच-गान से वातावरण गूंज उठा।

भक्तजन बाबा की भक्ति में झूमते हुए श्याम तेरी बंसी पुकारे जैसे गीतों पर नाचते नजर आए। श्याम भक्तों ने बताया कि बाबा के दरबार में आज निशान अर्पण किया जाएगा, जो श्रद्धा और समर्पण का प्रतीक है। वहीं कल यानि 1 नवंबर को बाबा का भव्य चॉकलेट सिंगार किया जाएगा, जिसमें दरबार को विभिन्न प्रकार की चॉकलेट और मिठाइयों से सजाया जाएगा। इसके बाद परसों सवा मादी भोग का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु प्रसाद वितरण में शामिल होंगे। तीन दिवसीय इस आयोजन में बाबा श्याम के भक्त पूरे मनोभाव से सेवा और भक्ति में लीन हैं। हर श्याम मंदिर में कीर्तन, आरती और रात्रि जागरण का आयोजन किया जा रहा है। बाबा श्याम के प्रति भक्तों की श्रद्धा और उत्साह देखते ही बनता है। शहर में भक्ति का ऐसा माहौल है, मानो पूरा बिलासपुर श्याम रंग में रंग गया हो। भक्तों का विश्वास है कि जो सच्चे मन से श्याम नाम का जाप करता है, बाबा उसकी हर मनोकामना पूरी करते हैं।


