
बिलासपुर रेल मंडल में हुए भीषण ट्रेन हादसे में अब तक 8 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि डेढ़ दर्जन से अधिक घायल यात्रियों का रेलवे अस्पताल, जिला अस्पताल, सिम्स, अपोलो और अन्य निजी अस्पतालों में इलाज जारी है। कई यात्री जिंदगी और मौत से जंग लड़ रहे हैं। इस हादसे ने न सिर्फ शहर, बल्कि पूरे प्रदेश और देश को झकझोर कर रख दिया है।घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव सहित कई नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया। वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने बिलासपुर पहुंचकर रेलवे अस्पताल, सिम्स, अपोलो और जिला अस्पताल में घायलों से मुलाकात की और उनका हाल जाना।

दोनों नेताओं ने पीड़ितों और परिजनों से बातचीत की तथा रेलवे अधिकारियों को बेहतर इलाज और त्वरित सहायता के निर्देश दिए। धरमलाल कौशिक ने कहा कि हादसे में लापरवाही बरतने वाले गैरजिम्मेदार अफसरों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने बताया कि केंद्र सरकार हादसे की पूरी निगरानी कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राहत कार्यों में हर संभव मदद के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मृतकों के परिजनों को ₹10 लाख, गंभीर घायलों को ₹5 लाख और सामान्य रूप से घायल यात्रियों को ₹1 लाख की आर्थिक सहायता दी जाएगी।


