
बिलासपुर डाक संभाग द्वारा आगामी 31 अक्टूबर से 1 नवंबर 2025 तक दो दिवसीय जिला स्तरीय डाक टिकट प्रदर्शनी बिलासापेक्स-2025 का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रदर्शनी राघवेन्द्र राव सभा भवन, कंपनी गार्डन के पास सुबह 10 बजे से प्रारंभ होगी। इस आयोजन में जिलेभर के डाक टिकट संग्रहकर्ता हिस्सा लेंगे और डाक टिकटों के माध्यम से इतिहास, संस्कृति और ज्ञान का अनोखा प्रदर्शन करेंगे। डाक विभाग के अनुसार प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य लोगों को डाक टिकटों के क्रमिक विकास और उनसे जुड़े राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों की जानकारी देना है। प्रदर्शनी में महापुरुषों, खेल, विज्ञान-तकनीक, प्रकृति, पर्यावरण, वन्य जीव और विश्व की विविध कला-संस्कृतियों से संबंधित दुर्लभ टिकट प्रदर्शित किए जाएंगे।बच्चे टिकटों के जरिए अलग-अलग देशों की संस्कृति, विज्ञान और सामाजिक घटनाओं को समझ सकेंगे। इस अवसर पर डाक विभाग द्वारा माई स्टेम्प योजना की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इस योजना के अंतर्गत कोई भी व्यक्ति अपनी स्वयं की फोटो के साथ व्यक्तिगत डाक टिकट बनवा सकता है। इच्छुक व्यक्ति 300 रुपये शुल्क देकर आवेदन पत्र, फोटो और पहचान पत्र जमा कर सकते हैं। इसके बदले में उन्हें 5 रुपये मूल्यवर्ग के 12 टिकटों का एक सेट प्रदान किया जाएगा।डाकघर अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस दो दिवसीय प्रदर्शनी में अवश्य शामिल हों और डाक टिकटों के इतिहास, कला एवं सांस्कृतिक महत्व की जानकारी प्राप्त करें। “बिलासापेक्स-2025” न केवल डाक टिकट प्रेमियों के लिए, बल्कि विद्यार्थियों और आम नागरिकों के लिए भी ज्ञानवर्धक और रोचक अनुभव साबित होगी।


