बिलासा एयरपोर्ट को सर्वसुविधायुक्त बनाने और महानगरों तक हवाई सुविधा की बेहतरी के लिए हवाई सुविधा जनसंघर्ष समिति का धरना प्रदर्शन जारी है। गौरतलब है कि बिलासपुर में पिछले करीब 5 साल से फोर सी एयरपोर्ट और देश के सभी महानगरों तक सीधी उड़ान के लिए समिति का प्रदर्शन जारी है। शहर में चल रहे हवाई सुविधा के जन आंदोलन के अगले चरण में 8 जुलाई को राजधानी रायपुर में हवाई सुविधा मार्च निकाला गया। इसमें समिति के सदस्यों के अलावा अन्य नागरिक संगठनों के पदाधिकारी भी शामिल हुए। यह मार्च गांधी चौक, रायपुर से मुख्यमंत्री निवास तक शांति पूर्ण तरीके से निकाली गयी। आपको बता दें कि हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति द्वारा बिलासपुर एयरपोर्ट में हवाई सुविधा की वृद्धि के लिए आंदोलन किया जा रहा है। इसके बाद भी सालों पुरानी मांगों की तरफ ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इसको लेकर समिति ने अपने आंदोलन का विस्तार करने का निर्णय लेते हुए बड़ी संख्या में समिति के सदस्य रायपुर के लिए रवाना हुए।





