
14 नवंबर को घोषित बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों ने एक बार फिर प्रदेश की सत्ता में भाजपा-जेडीयू गठबंधन की मजबूत वापसी सुनिश्चित कर दी। 243 सीटों पर दो चरणों में हुए मतदान के बाद सुबह जैसे ही मतगणना शुरू हुई, भाजपा गठबंधन ने शुरुआती रुझानों में ही बढ़त बना ली थी। दोपहर तक यह बढ़त निर्णायक बढ़त में बदल गई और अंतिम दौर तक आते-आते गठबंधन ने 200 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज कर ली।

इस शानदार प्रदर्शन के साथ यह स्पष्ट हो गया कि बिहार की जनता ने एक बार फिर भाजपा-जेडीयू गठबंधन पर भरोसा जताया है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2005 से ही बिहार की राजनीति में इस गठबंधन का दबदबा रहा है और लगातार सरकार बनाने में उन्हें सफलता मिलती आई है।बिहार में मिली इस ऐतिहासिक जीत का जश्न प्रदेश के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में भी देखने को मिला।

शाम होते-होते जिला भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ता बड़ी संख्या में इकट्ठा हुए और जीत की खुशी में जमकर आतिशबाजी की। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का उत्सव मनाया। इस मौके पर जिला भाजपा अध्यक्ष, वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने विकास और स्थिर शासन को प्राथमिकता दी है। जीत के बाद पूरे कार्यालय का माहौल उत्साह और उमंग से भरा रहा।


