
बिलासपुर रायपुर नेशनल हाईवे पर स्थित पेंड्रीडीह चौक एक बार फिर हादसे का गवाह बना। मंगलवार सुबह डस्ट से भरी हाईवा ब्रिज से उतरते ही सामने आए वाहन को बचाते हुए पलट गई। हादसे में ड्राइवर बाल-बाल बच गया, लेकिन सड़क पर डस्ट बिखर गया, जिससे लंबा जाम लग गया।इस हादसे की बड़ी वजह एनएचएआई की लापरवाही मानी जा रही है। ब्रिज से उतरते ही तेज रफ्तार वाहनों की भिड़ंत की आशंका हमेशा बनी रहती है, लेकिन संकेतक, रिफ्लेक्टर और सुरक्षा इंतजाम नदारद हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक ये जगह पहले भी कई बार हादसों की चपेट में आ चुकी है।हादसे की सूचना मिलते ही हिर्री पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची। जेसीबी की मदद से सड़क पर बिखरी डस्ट हटवाई गई और ट्रैफिक सामान्य किया गया। लेकिन सवाल अब भी कायम है आखिर कब तक ऐसे हादसे होते रहेंगे और कब जागेगा प्रशासन।


