ग्राम पंचायत मोछ तखतपुर में स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल की कक्षाएं 1 वर्ष पूर्व से संचालित है। जहां 300 बच्चे हाई स्कूल में और 150 बच्चे हायर सेकेंडरी में अध्ययन करते हैं। साथ ही आसपास के 6 गांव से यहां पर छात्र-छात्राएं अध्ययन करने आते हैं। लेकिन आज तक छात्र-छात्राएं यहां पर भवन की सुविधा से वंचित है। जर्जर भवन में छात्र-छात्राएं पढ़ने को मजबूर हैं। इसके साथ ही छात्र-छात्राओं को अध्ययन नहीं करवाया जा रहा है। क्योंकि स्कूल में शिक्षक ही नहीं है। सोमवार को बड़ी संख्या में स्कूल की छात्राएं एवं ग्राम सरपंच कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपनी समस्या से कलेक्टर को अवगत कराने की कोशिश की। छात्राओं का कहना है कि पिछले 1 साल से छात्र-छात्राएं स्वयं से अध्ययन कर रहे हैं। छात्राओं ने अपनी समस्या बताते हुए कहा कि स्कूल में बैठने के लिए भी जगह नहीं है। हम बाहर बैठकर पढ़ाई करते हैं।

इसके साथ ही हाई क्लास कि इस वर्ष हमारी परीक्षा है। लेकिन हमें पढ़ाने के लिए स्कूल में शिक्षक ही नहीं है। कई बार हम शिक्षक की मांग कर चुके हैं लेकिन हमारी मांग को अनदेखा कर दिया जाता है। गांव की ही दीदी लोग आकर हमें पढ़ाते हैं। इसके साथ ही विद्यालय में प्राचार्य नहीं है। हायर सेकेंडरी स्कूल में जो प्राचार्य है। वहीं पूरे स्कूल की देखरेख कर रहे हैं। हाई स्कूल के लिए कोई प्राचार्य या टीचर उपलब्ध नहीं है। जिस वजह से हमारी पढ़ाई पर असर पड़ रहा है। हम चाहते हैं कि हमारे विद्यालयों में जल्द से जल्द शिक्षक की भर्ती कराई जाए। ताकि हमें शिक्षा प्राप्त करने में कठिनाइयां ना हो और हम निरंतर शिक्षा ग्रहण कर सकें।




