पहाड़ी इलाकों में बारिश अधिक हो चुकी है। जिसके चलते भैंसाझार डैम से पानी छोड़ने के बाद अरपा नदी लबालब हो गई है, जिला प्रशासन ने अरपा नदी के आसपास रहने वाले लोगों के लिए अलर्ट जारी किया है। दरअसल, जिले में मानसून की दस्तक के बाद शुरुआत में कम बारिश हुई, लेकिन पिछले एक सप्ताह से बारिश में तेजी आई है।

जबरदस्त बारिश से पेंड्रा-गौरेला-मरवाही क्षेत्र से बारिश का पानी अरपा नदी में आने लगा है, जिसके कारण जल संसाधन विभाग ने भैंसाझार डैम के कई गेट खोल दिए हैं। डैम से अरपा नदी में पानी छोड़ा गया है। इधर, अरपा नदी में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। खास कर अरपा के डुबान वाले इलाके लालखदान, दोमुहानी सहित निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सावधान रहने की अपील की गई है।




