छत्तीसगढ़ी फिल्मों के सुप्रसिद्ध निर्माता-निर्देशक सतीश जैन ने मोर छंइहा भुईया, झन भुलावा मां बाप ल, मया, हंस झन पगली फंस जाबे और ले शुरू होंगे मया के कहानी जैसी सुपरहिट फिल्मों की अपार सफलता से ये साबित कर दिया हैं कि प्रादेशिक फिल्में बनाने में उनका कोई जोड़ नहीं है। निर्माता- निर्देशक सतीश जैन 24 साल बाद फिर से नये अंदाज़ में धमाकेदार फ़िल्म “मोर छंईहा भुईया 2” लेकर आ रहे हैं। यह फिल्म भी सिनेमाघरों में सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करेगी ऐसा दावा किया जा रहा है।



शुक्रवार को बिलासपुर प्रेस क्लब में पहुंची फिल्म यूनिट के कलाकार मन कुरैशी, दीपक साहू, हीरोइन दीक्षा जायसवाल ने बताया कि छत्तीसगढ़ी इंडस्ट्री में जब-जब नाजुक दौर आया है, तब-तब सतीश जैन ने छत्तीसगढ़ी फिल्म उद्योग में उम्मीद की किरण जगाई है। 24 साल बाद “मोर छंइहा भुईया 2” के रूप में सतीश जैन फिर से एक नया धमाका करने जा रहे हैं। तकनीकी रूप से यह फिल्म अब तक की सर्वश्रेष्ठ छत्तीसगढ़ी फिल्म है। निर्देशक-सतीश जैन ने बताया कि छत्तीसगढ़ी संस्कृति और परंपराओं को गुथकर गांव और शहर के रहन- सहन तथा पुराने और नये जनरेशन की भावनाओं को दिल की गहराइयों में पिरो कर सजाया गया है। “मोर छंइहा भुईया 2” एक अद्भुत फिल्म है जो मनोरंजन के क्षेत्र में नए कीर्तिमान एवं आयाम गढ़ेगी। इस फिल्म में कुल 8 गाने हैं, जो छत्तीसगढ़ी संगीत से लबालब है।यह फिल्म प्रदेश भर के सभी सिनेमाघरों में 24 मई से प्रदर्शन के लिए तैयार है।


