रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर बेरोजगार युवक के पिता से दो महिलाओं ने 7 लाख रुपए ठगी की घटना को अंजाम दिया है।मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने दोनों जालसाज महिलाओं के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। सीएसपी पूजा कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि दयालबंद निवासी सतपाल भदराजा की मुलाकात सेंदरी निवासी किरण भोई से हुई थी। महिला ने खुद को वकील बताया था। जान-पहचान के बाद उसने सतपाल की मुलाकात कोरबा दीपका की सुमन सिंह से कराई। सुमन ने बताया कि उसके पिता एसईसीएल में हैं। उनकी जान पहचान रेलवे के बड़े अधिकारियों से है। महिला ने सतपाल के बेटे और बेटी की नौकरी रेलवे में लगाने की बात कही। इसके लिए सतपाल ने अलग-अलग किस्तों में उन्हें सात लाख रुपए दिए।

सतपाल ने अपने परिचित के दो युवकों से डेढ़-डेढ़ लाख रुपए और दिलाए। फिर महिलाओं ने फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया।जब इसकी जांच पड़ताल हुई तब बेरोजगारों को समझ आया कि उनके साथ ठगी हो गयी है।जिसके बाद वे थाना सिटी कोतवाली के शरण पर पहुंचे और अपनी आपबीती सुनाई।जिसपर तत्काल संज्ञान लेकर सीएसपी ने एफआईआर दर्ज कर मामले की विवेचना करने की बात कही।




