
बिलासपुर। नगर निगम प्रशासन ने विनोबा नगर आर-1 क्षेत्र में बिना अनुमति किए जा रहे अवैध निर्माण पर बड़ी कार्रवाई की है। निगम आयुक्त अमित कुमार के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। निगम की टीम मौके पर पहुंची और शासकीय भूमि पर बनाए गए अवैध निर्माण को तोड़ने की कार्यवाही शुरू की। जानकारी के अनुसार, राजेश मिश्रा नामक व्यक्ति द्वारा विनोबा नगर आर-1 में सड़क से लगी शासकीय भूमि पर बिना किसी अनुमति के निर्माण कार्य किया जा रहा था।

शिकायत प्राप्त होने के बाद नगर निगम के भवन अनुज्ञा शाखा ने जांच की, जिसमें निर्माण अवैध पाया गया। इसके बाद निगम आयुक्त ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। निगम दल ने जेसीबी मशीन की मदद से अवैध निर्माण को ध्वस्त किया। कार्यवाही के दौरान निगम अधिकारी, राजस्व विभाग के कर्मचारी और पुलिस बल भी मौजूद रहे ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

स्थानीय लोगों ने इस कदम की सराहना की और कहा कि अवैध कब्जे पर ऐसी ही सख्ती की जरूरत है। नगर निगम आयुक्त अमित कुमार ने कहा कि शहर में बिना अनुमति के किए जा रहे किसी भी निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। निगम का लक्ष्य शहर में अवैध निर्माण और कब्जों पर पूरी तरह अंकुश लगाना है, ताकि शहरी व्यवस्था और सार्वजनिक संपत्ति सुरक्षित रह सके।


