
राष्ट्रीय एकता दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और शास्त्री चौक से शारदा चौक तक आयोजित ‘एकता दौड़’ में स्कूली बच्चों, जनप्रतिनिधियों और आमजनों के साथ शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल ने अपने साहस और नेतृत्व से अखंड भारत की नींव रखी, उनकी दूरदृष्टि आज भी देश को एकजुट रखे हुए है।मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भारत विविधताओं से भरा देश है और ‘विविधता में एकता’ ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।

उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया और सभी को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम, वन मंत्री केदार कश्यप सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


