
धमधा थाना क्षेत्र के बरहपुर चौक में सोमवार सुबह लगभग 10 बजे एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। जानकारी के अनुसार 10 वर्षीय स्कूली छात्रा स्कूल जा रही थी, इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे बाइक सवार युवकों ने उसे जोरदार ठोकर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने की कोशिश की।स्थानीय लोगों की मदद से बाइक सवार दोनों युवकों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दुर्ग जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना के बाद से क्षेत्र में मातम का माहौल है। बच्ची के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं इस दर्दनाक घटना को देखने वाले लोग भी भावुक हो उठे।हादसे की सूचना मिलते ही धमधा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि बाइक की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण यह बड़ा हादसा हुआ। पुलिस अब बाइक सवार युवकों की पहचान, उनकी स्थिति और दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच में जुट गई है।घटना के बाद से स्थानीय लोगों में तेज रफ्तार वाहनों और सड़क सुरक्षा को लेकर आक्रोश देखने को मिल रहा है। लोगों का कहना है कि चौक पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिसे देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार और चेतावनी संकेत लगाने की आवश्यकता है।


