Homeहमर बिलासपुरसांसद खेल महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा एक लाख से अधिक ने...

सांसद खेल महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा एक लाख से अधिक ने कराया पंजीयन

बिलासपुर में आगामी सांसद खेल महोत्सव को लेकर केंद्रीय शहरी विकास राज्य मंत्री एवं बिलासपुर लोकसभा सांसद तोखन साहू ने मंथन सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में बिलासपुर और मुंगेली जिले के प्रशासनिक अधिकारी, नगर निगम आयुक्त, जिला पंचायत सीईओ और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर संजय अग्रवाल, निगम आयुक्त अमित कुमार और जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल ने तैयारियों की जानकारी प्रस्तुत की। बैठक में बताया गया कि सांसद खेल महोत्सव के लिए अब तक 1 लाख से अधिक प्रतिभागियों का पंजीयन हो चुका है। प्रतियोगिता तीन चरणों—ग्राम, जनपद और संसदीय स्तर पर आयोजित की जाएगी। ग्राम एवं जनपद स्तर की प्रतियोगिताएं नवंबर माह में संपन्न होंगी, जबकि संसदीय स्तर की मुख्य प्रतियोगिताएं दिसंबर में बहतराई स्टेडियम, बिलासपुर में होंगी। इसमें दोनों जिलों के विकासखंडों और नगरीय निकायों के खिलाड़ी शामिल होंगे। इस महोत्सव में पारंपरिक और लोकप्रिय खेलों को शामिल किया गया है।

प्रतियोगिताओं में कबड्डी, वॉलीबॉल, फुटबॉल, रस्साकशी, रिले रेस, तीरंदाजी, बोरा दौड़ सहित कई अन्य खेल होंगे। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस आयोजन को क्षेत्रीय उत्सव का रूप दिया जाए और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को इससे जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि फ्लेक्स, बैनर और सोशल मीडिया के जरिए व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। खेल एवं युवा कल्याण विभाग को समन्वय कर सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि महोत्सव में अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित हो और खिलाड़ियों को उपयुक्त मंच प्रदान किया जाए। आयोजन के दौरान सुरक्षा, आवास और खेल सामग्री की उपलब्धता पर भी जोर दिया गया। समीक्षा बैठक में सांसद निधि से चल रहे विकास कार्यों पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि कुल 56 कार्यों में से 48 कार्यों को 3 करोड़ 18 लाख रुपये की लागत से स्वीकृति दी जा चुकी है। मंत्री तोखन साहू ने शेष कार्यों के प्राक्कलन शीघ्र तैयार कर स्वीकृति के लिए भेजने के निर्देश दिए। साथ ही, अपूर्ण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण करने पर बल दिया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments