
मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं को लेकर जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल से मिले। कार्यक्रम में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने आवास, पानी, सामुदायिक भवन और जमीन से जुड़ी अपनी परेशानियां रखीं।जनदर्शन में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सभी प्रार्थियों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने एक-एक कर लोगों से मुलाकात की और उनकी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया। इस दौरान सबसे अधिक समस्याएं आवास और पेयजल संकट से जुड़ी हुई सामने आईं। कई ग्रामीणों ने सामुदायिक भवन निर्माण की मांग की, वहीं जमीन विवादों को लेकर भी बड़ी संख्या में आवेदन प्रस्तुत किए गए। कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी समस्या के निराकरण में लापरवाही न बरती जाए और निर्धारित समयसीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की मूलभूत समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। ग्रामीणों का कहना था कि सीधे कलेक्टर के सामने अपनी बात रखने से उन्हें उम्मीद है कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान होगा।




