

बिलासपुर :- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को बस्तर संभाग के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि कई वर्षों बाद बस्तर क्षेत्र में इतनी अधिक वर्षा हुई है, जिसके कारण बाढ़ का पानी शहरों तक में घुस गया है। दंतेवाड़ा, बस्तर, सुकमा और बीजापुर जिले प्रभावित हुए हैं, जिनमें दंतेवाड़ा और बस्तर को सबसे ज्यादा क्षति पहुंची है।मुख्यमंत्री ने बताया कि विदेश यात्रा पर रहने के बावजूद वे लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे थे और प्रशासन से संपर्क बनाए हुए थे। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी हालत में प्रभावित लोगों को परेशानी न हो और सभी को समय पर राहत उपलब्ध कराई जाए।विदेश दौरे से लौटने के बाद सीएम ने सबसे पहले दंतेवाड़ा पहुंचकर हालात का मुआयना किया और हवाई सर्वेक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में शासन-प्रशासन पूरी तरह से जनता के साथ है और राहत कार्यों को तेज किया जा रहा है।दंतेवाड़ा कलेक्ट्रेट में आयोजित समीक्षा बैठक में सीएम ने प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से चर्चा की। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, भोजन और सुरक्षित ठिकानों की व्यवस्था प्राथमिकता से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रभावित गांवों में अब तक की गई कार्रवाई और आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।इस मौके पर कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप, टंकराम वर्मा और प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जमीनी स्तर पर राहत कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग करें और प्रभावित परिवारों तक तत्काल सहायता राशि एवं जरूरी सुविधाएं पहुंचाना सुनिश्चित करें।


