स्वच्छता पखवाड़ा में प्रभात फेरी से गूंजा रेलवे मुख्यालय,नुक्कड़ नाटक से यात्रियों को मिला स्वच्छता का संदेश…

बिलासपुर: आजादी के अमृत महोत्सव के तहत स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में स्वच्छता पखवाड़ा अभियान जोश और जागरूकता के साथ जारी है। बिलासपुर में सुबह एक भव्य स्वच्छता प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी और स्काउट-गाइड ने एकजुट होकर स्वच्छता का संदेश दिया।शनिवार सुबह 7 बजे दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय से अपर महाप्रबंधक विजय कुमार साहू के नेतृत्व में प्रभात फेरी निकली। इसमें सभी प्रधान विभागाध्यक्ष, मंडल रेल प्रबंधक बिलासपुर, नागरिक सुरक्षा दल और रेलवे स्कूल के बच्चे शामिल हुए। तितली चौक होते हुए यह फेरी बिलासपुर रेलवे स्टेशन पहुंची, जहां हाथों में स्लोगन और पोस्टर लेकर प्रतिभागियों ने राहगीरों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया।स्टेशन परिसर में नागरिक सुरक्षा दल, स्काउट-गाइड और बच्चों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर यात्रियों को गंदगी के नुकसान, सिंगल यूज प्लास्टिक के खतरों और सफाई बनाए रखने के फायदों के बारे में बताया। नाटक में पर्यावरण पर प्लास्टिक के असर और इसके उपयोग में कमी लाने के उपायों को रोचक अंदाज में पेश किया गया।अपर महाप्रबंधक विजय कुमार साहू ने कहा कि स्वच्छता सिर्फ जिम्मेदारी नहीं, बल्कि एक जन आंदोलन है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि रेलवे स्टेशन और कोचों को साफ-सुथरा रखने में सभी की भागीदारी जरूरी है। हर व्यक्ति को सजग रहकर इस मुहिम को आगे बढ़ाना होगा।दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने इस फेरी के जरिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील की। पखवाड़े के दौरान रोजाना अलग-अलग स्थानों पर सफाई और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें स्टेशनों, प्लेटफॉर्म, ट्रेनों, पटरियों, कार्यालयों और शौचालयों की गहन सफाई की जा रही है। यात्रियों और नागरिकों को जागरूक करने के लिए बैनर, पोस्टर, उद्घोषणा प्रणाली और सोशल मीडिया के जरिए भी संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं। रेलवे प्रशासन का लक्ष्य है कि यह अभियान सिर्फ पखवाड़े तक सीमित न रहे, बल्कि हर नागरिक के जीवन का हिस्सा बन जाए।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
3,912FollowersFollow
21,600SubscribersSubscribe
spot_img

Latest Articles