
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृति में बने वंदे मातरम उद्यान और नाम पट्टिका का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि सेनानियों का त्याग राष्ट्र की अमूल्य धरोहर है और उनका सम्मान करना सरकार का सौभाग्य है। शिव टाकीज चौक से पुराने बस स्टैंड तक विकसित इस उद्यान में 25 स्वतंत्रता सेनानियों के नाम अंकित हैं, साथ ही फाउंटेन, हरियाली और साफ-सुथरा परिसर नागरिकों के लिए उपलब्ध कराया गया है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सेनानियों के परिजनों का शॉल-श्रीफल से सम्मान किया और कहा कि यह उद्यान युवाओं में राष्ट्रप्रेम और कर्तव्यबोध की भावना मजबूत करेगा। उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक अमर अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधियों ने इस पहल को देश में स्थानीय सेनानियों के सम्मान का अनूठा उदाहरण बताया। बिलासपुर स्मार्ट सिटी द्वारा 6.99 करोड़ की लागत से बने इस उद्यान में एसटीपी और ड्यूल पाइपिंग सिस्टम से रोज़ 10 लाख लीटर पानी शोधन कर सार्वजनिक उपयोग में लाया जा रहा है।


