होटल हेवेन्स पार्क में ड्यूटी कर रहे बाउंसर पर जानलेवा हमला मिर्ची पावडर फेंककर धारदार हथियार से वार, आरोपी फरार

होटल हेवेन्स पार्क में शनिवार रात एक सनसनीखेज वारदात हुई। होटल में तैनात बाउंसर राजा सिंह ठाकुर पर कुछ युवकों ने मिर्ची पावडर डालकर धारदार हथियार से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से होटल स्टाफ में दहशत फैल गई। घायल बाउंसर ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने जानलेवा हमले का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना सिविल लाइन के टीआई एसआर साहू ने बताया कि तोरवा के पुराना पावर हाउस क्षेत्र निवासी राजा सिंह ठाकुर होटल हेवेन्स पार्क में बाउंसर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार को वे शाम करीब 6 बजे से अपनी नियमित ड्यूटी पर थे। रात करीब 10 बजे तीन युवक होटल पहुंचे और सीधे बार में जाने की जिद करने लगे। जब राजा सिंह ने देखा कि वे शराब के नशे में हैं और उनके मुंह से दुर्गंध आ रही है, तो उन्होंने नियमों का हवाला देते हुए उन्हें अंदर जाने से रोक दिया।बार में प्रवेश न मिलने से नाराज युवक कुछ देर बाहर खड़े रहे और फिर दोबारा बार में घुसने की कोशिश की। इस पर राजा सिंह ने उन्हें दोबारा समझाकर वापस जाने के लिए कहा। लेकिन इस बार युवकों ने उनसे बहस शुरू कर दी और गाली-गलौज करने लगे। तब भी राजा ने संयम बनाए रखा और अपनी ड्यूटी निभाते हुए उन्हें बार में प्रवेश नहीं करने दिया।रात करीब 11 बजे जब राजा सिंह अपनी ड्यूटी समाप्त कर होटल से बाहर निकलकर घर जाने लगे, तभी बाहर खड़े ओम सलूजा और शिवम सलूजा नामक युवक ने उन्हें रोक लिया। दोनों ने राजा को देखते ही अपशब्द कहने शुरू कर दिए। जब राजा ने इसका विरोध किया तो युवकों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और देखते ही देखते हमला कर दिया।अचानक ही किसी ने राजा की आंखों में मिर्ची पावडर फेंक दिया, जिससे वह कुछ भी नहीं देख सके और दर्द से तड़पते हुए आंखें मलने लगे। इसी दौरान हमलावरों ने धारदार और नुकीले हथियार से उनके जांघ और कंधे पर वार कर दिया। आंखों में जलन और शरीर पर लगी चोटों से राजा वहीं गिर पड़े।घटना के समय होटल के अन्य बाउंसर शफी कुरैशी, टीपू खान और विजय दास मौके पर पहुंचे और हमलावरों से राजा को बचाया। साथियों को आता देख आरोपी उन्हें धमकी देते हुए मौके से भाग निकले। घायल राजा को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्होंने थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई।पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर ओम सलूजा, शिवम सलूजा और अन्य अज्ञात युवकों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयान के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। थाना प्रभारी दावा कर रहे है कि मामला गंभीर है और हमलावरों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
3,912FollowersFollow
21,600SubscribersSubscribe
spot_img

Latest Articles