
69वीं राष्ट्रीय स्कूल खेल प्रतियोगिता के अंतर्गत सॉफ्टबॉल बॉयज और गर्ल्स दोनों वर्गों के विजेता खिलाड़ियों को शनिवार को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। छत्तीसगढ़ स्कूल के खेल मैदान में आयोजित भव्य मेडल सेरेमनी में खेल भावना और उत्साह का माहौल देखने को मिला। मेजबान छत्तीसगढ़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सॉफ्टबॉल की दोनों स्पर्धाओं का फाइनल मुकाबला जीतकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।वहीं, सीबीएसई की गर्ल्स टीम और महाराष्ट्र की बॉयज टीम ने फाइनल में कड़ा मुकाबला करते हुए सिल्वर मेडल प्राप्त किया। तीसरे स्थान पर महाराष्ट्र की गर्ल्स टीम और ओडिशा की बॉयज टीम रही, जिन्हें कांस्य पदक से सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के दौरान स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं खेल अधिकारियों ने सभी खिलाड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं छात्रों में खेल कौशल के साथ अनुशासन और टीम भावना को मजबूत करती हैं।मेडल सेरेमनी के दौरान सभी टीमों के कोच और मैनेजर बेहद प्रसन्न नजर आए। खिलाड़ियों के चेहरे पर जीत की खुशी और उपलब्धि का गर्व साफ दिखाई दिया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन से छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर खेलों के क्षेत्र में अपनी सशक्त पहचान साबित की।




