पुलिस के उच्चाधिकारियों की ओर से 600 कोटवार, वन रक्षक और सुरक्षा कर्मियों को लोकसभा चुनाव के मद्देनजर प्रशिक्षण दिया गया। बताया गया कि इन सभी को मतदान के दिन विशेष पुलिस अधिकारी का पॉवर होता है। आगामी लोकसभा चुनाव के दौरान मतदान दल में पुलिस अधिकारियों के साथ साथ ज़िले के कोटवार, वनरक्षक और सुरक्षाकर्मी भी विशेष पुलिस अधिकारी के रूप में निर्वाचन कार्यों को संपादित करेंगे। जिला बिलासपुर पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में जिले के सभी विशेष पुलिस अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी कार्यों के संबंध में प्रशिक्षित किया गया।



स्व. लख़िराम स्मृति सभागार में आयोजित इस एक दिवसीय कार्यशाला में लगभग 600 प्रशिक्षणार्थियों को पुलिस अधीक्षक ने संबोधित किया और आदर्श आचार संहिता के पालन में विशेष पुलिस अधिकारी की भूमिका, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने, निष्ठापूर्वक चुनाव संबंधी कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिये गये। सुरक्षाकर्मियों के कार्यों को बारीकी से समझाया गया। उनके निर्धारित कर्तव्यों के संबंध में नियमावली से प्रशिक्षित किया गया, जिससे सभी अपने कर्तव्यों का निर्वहन आदर्श आचार संहिता के अनुरूप कर सकें।





