लोकसभा प्रत्याशी देवेंद्र यादव की परेशानी अब बढ़ने वाली है, क्योंकि हमेशा की तरह कांग्रेस में अंतर कलह अपने चरम पर आ गई है। कांग्रेस के ही लोग देवेंद्र यादव को हराने भीतर घात कर रहे है। इसका जीता जागता सबूत वह लेटर बम है, जिसे रतनपुर ब्लाक कांग्रेस के अध्यक्ष रमेश सूर्या और दर्जनों कांग्रेसियों ने कांग्रेस के गढ़ कहे जाने वाले कोटा विधानसभा के विधायक अटल श्रीवास्तव पर देवेंद्र के पक्ष में प्रचार नही करने दिए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। सूर्या ने पीसीसी चीफ दीपक बैज को बकायदा एक शिकायती पत्र भी लिखा है,जो अब वायरल होने के बाद कांग्रेसियों के बीच राजनैतिक भूचाल मच गया है। इस लेटर बम पर अब बीजेपी चुटकी ले रही है। बतादें कि चुनाव आते ही कांग्रेस में हमेशा सिरफुटव्वल और अंतरकलह देखने को मिलता ही है।



इस बार तो भिलाई के विधायक देवेंद्र यादव को टिकट मिलने पर उन्हे बाहरी प्रत्याशी बताकर उनके ही वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं ने शुरू से ही विरोध कर रहे हैं, तो अब दो दिन बचे चुनाव से पहले ही कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव के खिलाफ उनके ही ब्लाक कांग्रेस के अध्यक्ष रमेश सूर्या और कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है। सूर्या ने पीसीसी चीफ दीपक बैज को शिकायती पत्र लिखकर बताया है की कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव रतनपुर के कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को देवेंद्र यादव के पक्ष में प्रचार नही करने का दबाव बना रहे है। इस लेटर बम के फूटने पर बीजेपी को जैसे एक बड़ा चुनावी हथियार मिल गया हो, इस वायरल लेटर पर अब बीजेपी चुटकी ले रही है। वहीं इस लेटर बम के फूटने के बाद कांग्रेसियों ने चुप्पी साध ली है।


