स्मार्ट सिटी योजना के तहत अंडर ग्राउंड केबल बिछाने का काम शहर के चारों ओर चल रहा है। मशीन के प्रेशर से केबल को अंदर घुसाया जा रहा है। इसके कारण पानी की पाइप लाइन चार जगहों से फट गई है। जिसके चलते 30 हजार घरों में तीन दिनों से पानी सप्लाई प्रभावित हो गया है। भीषण गर्मी में लोगों को पानी के लिए जद्दोजहद करनी पड़ रही है। प्रभावित इलाकों में नगर निगम प्रशासन द्वारा टैकरों से पानी की अपूर्ति की जा रही है।

अंडरग्राउंड केबलिंग के चलते मशीन के प्रेशर से लगातार पानी की पाइपलाइन छतिग्रस्त हो रही है, गर्मी में तो पानी के लिए चारों ओर हाहाकार मचा हुआ है, टैंकर देखते ही महिलाओं की भीड़ जुट जाती है। पानी भरने के चक्कर में कई जगह विवाद की स्थिति निर्मित हो रही है।विद्या नगर, तालापारा, व्यापार विहार की कंक्रीट की सड़कों को खोदकर केबल डाला जा रहा है। चार जगहों की पाइप लाइन टूट गई है। कई जगह लीकेज की समस्या आ रही है। जिस जगह की पाइप लाइन टूटकर दो हिस्सों में बंट गई है। वहां भारी मात्रा में पानी बाहर निकल कर बहा, तब निगम अमला को पता चला जिसके बाद सुधार कार्य मे निगम का अमला जुटा हुआ है। इससे कई वार्डों में पानी की सप्लाई नहीं होने से लोगों का जनजीवन ठहर गया, सुबह व्यापार विहार,विनोबनागर के आसपास क्षेत्रों में टंकी से पानी सप्लाई नहीं हुई। वहां टैंकर के माध्यम से पानी की आपूर्ति की गई।

लगातार खुदाई के चलते अंडरग्राउंड केबल की टूट फूट हो रही है, लैंडलाइन फोन के केबल कट रहे हैं सबसे बड़ी समस्या पानी की पाइपलाइन कटने से वार्ड वासियों में निगम के प्रति जमकर आक्रोश है। उनका कहना है गर्मी में खुदाई नहीं की जानी चाहिए यदि किया जाता है तो वहां पर किसी इंजीनियर को मौजूद रहना चाहिए, ठेकेदारों की लापरवाही का खामियाजा लोगों को उठाना पड़ रहा है, निगम और स्मार्ट सिटी के अधिकारियों की मॉनेटरिंग नहीं होने से ठेकेदार के कर्मचारी बेतरतीब काम कर रहे हैं, इन पर लगाम लगाना जरूरी है।


